एचटीपीएस में उत्साह से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

HTPS celebrates 80th Independence Day with enthusiasm

कोरबा 17 अगस्त 2026- हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। विद्युत संयंत्र परिसर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस)समारोह में राष्ट्रीय गीत (वंदे-मातरम) के छह छंदों का गायन किया गया। इसके बाद मुख्य अभियंता श्री एचके सिंह ने बलिदानी वीरों के शहादत को नमन करते हुए ध्वजारोहण कर तिरंगा फहराया। इसके बाद उपस्थितजनों ने मिलकर राष्ट्रगान (जन-मन-गण) गाया। समारोह के मंच से मुख्य अभियंता ने पाॅवर कंपनियों के अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार सिंह का संदेश वाचन किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके. गुप्ता, पीके जोशी, आरके. पाण्डे, एके. शाह, केएनबी.राव, एससी पाठक, एसके. नायर, परियोजना प्रबंधक एसके पंड्या और वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ एके.कुरनाल, संकल्प महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रूक्मणी सिंह समेत महिला मंडल के पदाधिकारी गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही श्रमिक संघों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की भी उपस्थिति रही।
  समारोह के मंच से मुख्य अभियंता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि विद्युत संयंत्र के इकाई क्रमांक-तीन एवं चार में डीडीसीएमआईएस की कमीशनिंग के बाद आटो लूप निष्क्रिय थे लेकिन रेनोवेशन सर्कल की टीम ने भेल, सीएंडआई-दो, बीएमडी-दो एवं आॅपरेशन-दो के सहयोग से दोनों ही इकाइयों में आटो लूप्स, सीएमसी और एफजीएमओ की सफलतापूर्ण कमीशनिंग की। साथ ही 16 फरवरी 2026 को विद्युत संयंत्र की इकाई क्रमांक 03 एवं 04 में पीजी टेस्ट भी सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इसके लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की।

210 मेगावाॅट की इकाई क्र. 01 ने वर्ष 2025-2026 में 25 फरवरी से 26 जून 2026 तक कुल 119 दिन 18 घंटे और 54 मिनट तक निरंतर विद्युत उत्पादन कर कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही दिसंबर 2025 में 100.43 प्रतिशत पीएलफ के साथ 156.915 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया है, जो अब तक का तीसरा सबसे अधिक विद्युत उत्पादन का कीर्तिमान है।

500 मेगावाॅट की इकाई क्रमांक-5 में वर्ष 2025-2026 में मेकअप वाटर 0.75 प्रतिशत रही। जो पिछले वर्ष के मुकाबले 0.05 प्रतिशत कम है। वर्ष 2024-25 में मेकअप वाटर 0.80 प्रतिशत थी। इसके लिए मुख्य अभियंता ने पूरी टीम को बधाई देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की।

मंच से मुख्य अभियंता ने बताया कि नई परियोजना 2 ×660 परियोजना मेगावाट थर्मल पाॅवर प्रोजेक्ट के स्थापना कार्य में उत्तरोत्तर प्रगति एवं तीव्रता के लिए पूर्ण प्रयत्न किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत ‘‘निगमित पर्यावरणीय उत्तरदायित्व (CER-Corporate Environmental Responsibility)’’  के तहत विभागीय अस्पताल द्वारा राखड़ बांध से प्रभावित गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही प्रशिक्षण विभाग द्वारा समर कैंप, कौशल उन्नयन, कॅरियर मार्गदर्शन का आयोजन किया गया। इन कार्यों के लिए मुख्य अभियंता ने बधाई देते हुए प्रशंसा की।

उत्तम कार्य निष्पादन के लिए राज्य स्तर पर सहायक अभियंता अंकित कुमार जैन को मुख्यालय डंगनिया रायपुर में पदक, प्रशस्ति पत्र एवं 5000 रुपए नकद राशि से सम्मानित किया गया। मुख्यालय की अनुशंसा पर विद्युत गृह में मुख्य अभियंता श्री एचके सिंह के हाथों कार्यपालन अभियंता प्रभाकर साहू एवं संयंत्र सहायक श्रेणी-एक ब्रिजेश विश्वकर्मा को प्रशस्ति पत्र, पदक एवं 1000 रूपए नकद राशि से सम्मानित किया गया। सात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विद्युत मंडल एवं पाॅवर कंपनी में दीर्घसेवा के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया एवं करतल ध्वनि के साथ सम्मान दिया गया। स्थानीय स्तर पर सम्मानित होने वाले 36 अधिकारी- कर्मचारियों के अलावा 25 समूह पुरस्कार भी बांटे गए। श्रमिक साथियों को प्रोत्साहित करते हुए 22 ठेकाश्रमिकों को भी पुरस्कृत किया गया।