रेडक्रास सोसायटी कोरबा के तीन वर्षों के सेवा कार्यों एवं सदस्यों की उपलब्धियों का संकलन है ‘सेवा-ज्योति’
भारतीय रेडक्रास सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की स्थापना के रजत जयंती (सिल्वर जुबली) वर्ष के अवसर पर भारतीय रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा द्वारा ‘सेवा-ज्योति’ पत्रिका का प्रकाशन किया गया है। इस पत्रिका का विमोचन महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका के करकमलों से बिलासपुर में संपन्न हुआ।
‘सेवा-ज्योति’ पत्रिका में भारतीय रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा द्वारा विगत तीन वर्षों में किए गए विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तृत जानकारी संकलित की गई है। इसके साथ ही इस अवधि में संस्था से जुड़े सभी संरक्षक, सह-संरक्षक एवं आजीवन सदस्यों का विवरण भी प्रकाशित किया गया है।
विमोचन समारोह में भारतीय रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा के चेयरमेन श्री रामसिंह अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष श्री राजेश बगड़िया एवं जिला प्रतिनिधि श्री योगेश जैन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका ने भारतीय रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सिल्वर जुबली वर्ष के अवसर पर प्रकाशित यह पत्रिका एक सराहनीय पहल है। पत्रिका में रेडक्रास सोसायटी के सेवा भाव एवं मानवता के प्रति समर्पण को चरितार्थ करते हुए कोरबा जिले में किए जा रहे सेवा कार्यों का उल्लेख किया गया है। ऐसे प्रयास समाज में सेवा और मानवता के प्रति सकारात्मक प्रेरणा प्रदान करते हैं।







