रायपुर 22 मार्च 2026। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने प्रीमियम ट्रेन में गांजे की हाइटेक तस्करी का खुलासा किया है। टीम ने वंदे भारत ट्रेन में सफर कर रही दो लड़कियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 24 किलों गांजा बरामद कर जब्त किया है, जिसकी बाजार में कीमत 12 लाख रूपये आंकी जा रही है। पुलिस की गिरफ्त में आयी दोनों लड़कियां बिलासपुर की रहने वाली बतायी जा रही है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की इस कार्रवाई के बाद अवैध नशे के कारोबार से जुड़े तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
प्रीमियम ट्रेन में सुरक्षित सफर का भ्रम अब तस्करों के लिए ढाल बनता जा रहा है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात हुए एक बड़े खुलासे में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरोने वंदे भारत एक्सप्रेस में छापामार कार्रवाई की। एनसीबी को पहले ही पुख्ता इनपुट मिला था कि विशाखापत्तनम की ओर से दो लड़की बड़ी मात्रा में गांजा लेकर ट्रेन से लौट रही हैं। इसी सूचना के आधार पर टीम ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर रात करीब 10:30 बजे घेराबंदी कर छापामार कार्रवाई की।
टीम ने खुलासा किया कि वंदे भारत एक्सप्रेस के स्टेशन में पहुंचने के बाद जैसे ही दोनों संदिग्ध युवतियां वीआईपी गेट से बाहर निकलने लगीं। टीम ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके सूटकेस से 24 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उनकी पहचान नीलम राठौर और रीना वर्मा के रूप में हुई, जो कि बिलासपुर तिफरा क्षेत्र की रहने वाली हैं।
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि तस्करों ने सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस के सेकंड एसी कोच का सहारा लिया। आमतौर पर प्रीमियम ट्रेनों में सघन चेकिंग कम होते है। एनसीबी अधिकारियों का मानना है कि मादक पदार्थों की तस्करी का पैटर्न तेजी से बदल रहा है। पहले जहां बस और सामान्य ट्रेनों का इस्तेमाल होता था। अब तस्कर हाईटेक और लग्जरी साधनों को चुन रहे हैं, ताकि शक की गुंजाइश कम रहे। दोनों आरोपी लड़कियो के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।








