मुंबई के भव्य दीक्षांत समारोह में 3000 दिग्गजों के बीच हुईं सम्मानित
- हरि ॐ ट्रस्ट गायन द्वितीय पुरस्कार और पदवी प्रमाणपत्र से नवाजा गया
कोरबा/नवी मुंबई। औद्योगिक नगरी कोरबा की संगीत प्रतिभा ने राष्ट्रीय पटल पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। स्थानीय श्रीगणेश संगीत कलानिकेतन कोरबा की होनहार विद्यार्थी गुनगुन श्रीवास ने अखिल भारतीय गांधर्व महाविद्यालय मंडल, मुंबई द्वारा आयोजित ‘गायन विशारद पूर्ण’ परीक्षा में पूरे भारतवर्ष में द्वितीय (दूसरा) स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ और कोरबा जिले का नाम रोशन किया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए गुनगुन को बीते रविवार, 22 अगस्त 2026 को वाशी, नवी मुंबई स्थित विष्णुदास भावे नाट्य सभा गृह में आयोजित भव्य वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथियों द्वारा ‘हरी ॐ ट्रस्ट गायन द्वितीय पुरस्कार’ और पदवी प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
देश की जानी-मानी हस्तियों ने किया सम्मानित
समारोह के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कलाकेंद्र, नई दिल्ली के सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी एवं अखिल भारतीय गांधर्व महाविद्यालय मंडल, मुंबई के माननीय अध्यक्ष प्रा. बालासाहेब सूर्यवंशी के कर-कमलों द्वारा गुनगुन को यह गौरवशाली सम्मान मिला। इस गरिमामयी पल के साक्षी मंडल के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, संगीत जगत की नामचीन हस्तियां और देश भर से आए लगभग 3000 संगीत स्नातक एवं अतिथि बने।
गुरु और माता-पिता ने जताई खुशी
गुनगुन की इस अभूतपूर्व सफलता पर उनके गुरु श्री गणेश बरेठ ने अत्यंत हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने गुनगुन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और संगीतमय जीवन के लिए अपनी आत्मीय शुभेक्षा प्रेषित की है। वहीं, गुनगुन के माता-पिता और परिजनों ने भी अपनी लाडली बेटी की इस गौरवपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धि पर गहरी खुशी जाहिर करते हुए इसे उसकी कड़ी मेहनत और गुरु के आशीर्वाद का प्रतिफल बताया है। क्षेत्र के संगीत प्रेमियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी गुनगुन को इस सफलता के लिए बधाइयाँ दी हैं।







