बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है. रेल यात्रियों को स्टेशन से शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने के लिए अब ऑटो या टैक्सी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बाइक रेंटल सुविधा शुरू कर दी गई है।
बिलासपुर रेल मंडल की इस नई पहल को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहली बाइक रेंटल सेवा बताया गया है। स्टेशन परिसर में कोच रेस्टोरेंट के पास इसकी व्यवस्था की गई है। प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने फीता काटकर सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
यात्रियों की सुविधा के लिए बाइक किराये की अलग-अलग समय अवधि के हिसाब से दर तय की गई है। 4 घंटे तक: 100 रुपए, 4 से 8 घंटे: 200 रुपए, 8 से 16 घंटे: 300 रुपए और 16 से 24 घंटे: 400 रुपए सेवा का संचालन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन किया जाएगा। बाइक किराये पर लेने के लिए यात्री के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड होना आवश्यक है। दस्तावेजों की जांच के बाद निर्धारित किराये पर बाइक उपलब्ध कराई जाएगी।
नई सुविधा का लाभ खासतौर पर पर्यटकों, छात्रों, कारोबारी यात्रियों और ऐसे लोगों को मिलेगा, जिन्हें शहर में कम दूरी तय करनी है। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार बाइक का इस्तेमाल कर सकेंगे और टैक्सी या ऑटो का इंतजार करने से भी बचेंगे। रेल मंडल का मानना है कि बाइक रेंटल सेवा से यात्रियों के समय और स्थानीय परिवहन पर होने वाले खर्च दोनों में कमी आएगी। साथ ही स्टेशन से शहर के प्रमुख स्थानों तक पहुंचना भी अधिक आसान और सुविधाजनक होगा।







