आम आदमी की पहुंच से बाहर हुआ सोना! महज 72 घंटों में 6000 रुपये से ज्यादा बढ़ गए दाम, आज इस कीमत पर बिक रहा 10 ग्राम गोल्ड

Gold is beyond the reach of the common man! The price has risen by more than ₹6,000 in just 72 hours, and this is the price at which 10 grams of gold is being sold today.

नई दिल्ली,21 जनवरी: अमेरिकी टैरिफ को लेकर बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन मजबूती देखने को मिल रही है। एक दिन की स्थिरता के बाद आज फिर से दोनों कीमती धातुओं के भाव ऊपर चढ़ गए हैं। निवेशकों का रुझान एक बार फिर सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है, जिससे बाजार में सोने-चांदी की चमक और तेज हो गई है।

दिल्ली में गोल्ड ने फिर मारी छलांग

राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोना प्रति 10 ग्राम 10 रुपये महंगा होकर 1,49,920 रुपये पर पहुंच गया है। वहीं 22 कैरेट गोल्ड भी 10 रुपये की बढ़त के साथ 1,37,460 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। बीते तीन दिनों में 24 कैरेट सोने की कीमतों में कुल 6,010 रुपये और 22 कैरेट सोने में 5,510 रुपये की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस तेजी ने आम ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है।

देश के प्रमुख शहरों में गोल्ड का भाव
देश के 10 बड़े शहरों में आज सोने के दाम ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। दिल्ली, लखनऊ और जयपुर में 24 कैरेट सोना करीब 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। चेन्नई में यह सबसे महंगा है, जहां 24 कैरेट सोना 1,51,650 रुपये तक पहुंच गया है। मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में भी गोल्ड के भाव मजबूत बने हुए हैं। 18 कैरेट सोना भी सभी शहरों में 1.12 लाख रुपये से ऊपर कारोबार कर रहा है।

चांदी भी लगातार तीसरे दिन महंगी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला है। दिल्ली में एक किलो चांदी आज 100 रुपये महंगी होकर 3,20,100 रुपये पर पहुंच गई है। बीते तीन दिनों में चांदी की कीमतों में कुल 25,100 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पिछले 10 दिनों की बात करें तो एक किलो चांदी 60,100 रुपये तक महंगी हो चुकी है। मुंबई और कोलकाता में भी चांदी इसी भाव पर बिक रही है, जबकि चेन्नई में यह 3,40,100 रुपये प्रति किलो के साथ सबसे महंगी है।

क्यों महंगा हो रहा है सोना-चांदी
सोने और चांदी की कीमतों में तेजी की बड़ी वजह अमेरिका और यूरोप के बीच बढ़ता तनाव है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड मुद्दे पर विरोध करने वाले यूरोपीय देशों पर 1 फरवरी 2026 से 10% टैरिफ लगाने की धमकी दी है। इसके बाद यूरोपीय संघ भी जवाबी कदम की तैयारी में है। इस बढ़ती अनिश्चितता के कारण निवेशक सुरक्षित संपत्ति माने जाने वाले सोने और चांदी में निवेश बढ़ा रहे हैं।