नए साल की शुरुआत में महंगाई का झटका,गैस सिलेंडर 111 रुपया महंगा  एलपीजी सिलेंडर की कीमत में जबरदस्त बढोत्तरी

Gas cylinder becomes costlier by Rs 111: Inflation shock at the start of the new year, LPG cylinder prices rise sharply

रायपुर 1 जनवरी 2026। नया साल का पहला दिन मंहगाई की खबर लेकर आया है। गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। 1 जनवरी से गैस सिलेंडर 111 रुपया महंगा हो गया है। 1 जनवरी 2026 से तेल विपणन कंपनियों ने कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (19 किलो) की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर अब 1,691.50 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 1,580.50 रुपये थी। यानी एक झटके में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो करीब 7 प्रतिशत के आसपास बैठती है।हालांकि आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल कंपनियों के अनुसार घरेलू सिलेंडर के दाम 8 अप्रैल 2025 के बाद से स्थिर बने हुए हैं।

कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, कैटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में किया जाता है। ऐसे में कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर खाने-पीने के कारोबार पर पड़ना तय माना जा रहा है। रेस्टोरेंट और होटल में गैस की खपत घरेलू उपयोग की तुलना में कहीं ज्यादा होती है। कई जगहों पर एक दिन में ही एक से अधिक सिलेंडर की खपत हो जाती है।

व्यापारियों का कहना है कि बढ़ी हुई कीमतों से उनका मासिक खर्च काफी बढ़ जाएगा। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या कारोबारी इस अतिरिक्त बोझ को खुद वहन करेंगे या फिर इसका असर ग्राहकों पर पड़ेगा। जानकारों का मानना है कि लंबे समय तक बढ़ी लागत को कारोबारी अकेले नहीं झेल पाएंगे और इसका असर खाने-पीने की चीजों के दामों में बढ़ोतरी के रूप में देखने को मिल सकता है।

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की यह कीमत जून 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,580.50 रुपये थी। उससे पहले दिसंबर में इसमें 10 रुपये और नवंबर में 5 रुपये की मामूली कटौती भी की गई थी। लेकिन नए साल के पहले ही दिन की गई इस बड़ी बढ़ोतरी ने उन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है, जो कीमतों में राहत की उम्मीद कर रहे थे।

तेल विपणन कंपनियों ने बताया है कि सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के अन्य प्रमुख महानगरों में भी कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगभग इतनी ही बढ़ोतरी की गई है। इससे संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में देशभर में होटल और रेस्टोरेंट सेवाओं पर इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है।

घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत

जहां एक ओर कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतें बढ़ी हैं, वहीं घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत बनी हुई है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे मध्यम वर्ग और आम परिवारों को कुछ हद तक राहत मिली है।

कुल मिलाकर, नए साल 2026 की शुरुआत महंगाई के संकेतों के साथ हुई है। कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने से जहां कारोबारियों की लागत बढ़ेगी, वहीं अप्रत्यक्ष रूप से इसका असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ सकता है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि आने वाले महीनों में तेल कंपनियां घरेलू गैस की कीमतों को लेकर क्या रुख अपनाती हैं।