होली के दौरान रायपुर ग्रामीण में चार बड़ी वारदातें, तीन जगह हत्या, एक युवक पर चाकू से हमला

Four major incidents took place in Raipur rural area during Holi, including three murders and a youth attacked with a knife.

रायपुर, 04 मार्च 2026 होली के दौरान रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हिंसा की चार गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। इनमें तीन मामलों में हत्या और एक मामले में चाकू से हमला किया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।

आरंग थाना क्षेत्र में रंग लगाने के विवाद में युवक की हत्या
थाना आरंग क्षेत्र में रंग लगाने को लेकर हुए विवाद में नीरज लोधी की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार 4 मार्च को नीरज लोधी अपने दो दोस्तों के साथ साहू टी स्टॉल, कलई चौक की ओर जा रहा था। साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास पहले से मौजूद कुछ युवकों ने रंग लगाने के लिए उनकी बाइक रोककर चाबी निकाल ली।

रंग लगाने से मना करने पर संजू निषाद और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए तीनों को बाइक से गिराकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान संजू निषाद ने हाथ में पहने लोहे के चूड़े से नीरज के सिर पर वार किया और बाद में चाकू से सीने में हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

विधानसभा थाना क्षेत्र में भाइयों ने ही भाई की हत्या की

थाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मटिया में घरेलू विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने अपने ही भाई की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश विश्वकर्मा ने अपने भाई दिनेश कुमार विश्वकर्मा से विवाद के बाद गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खरोरा क्षेत्र में डांस को लेकर विवाद, युवक की हत्या

थाना खरोरा क्षेत्र के ग्राम माठ में डांस को लेकर हुए विवाद में मोहित धीवर (20) की हत्या कर दी गई। इस घटना में महिला आरोपी हीरा बाई पटेल और दो नाबालिगों ने चाकू से हमला कर मोहित की जान ले ली। वहीं देवा वर्मा और कमलनारायण यादव पर हंसिया से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने महिला आरोपी और दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है।

तिल्दा-नेवरा में युवक पर चाकू से हमला

थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास अटल आवास में डांस को लेकर हुए विवाद में गोलू उर्फ कछुवा (20) ने लाला यादव (25) के पेट पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सभी मामलों में आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।