जांजगीर-चांपा में पुरानी रंजिश को लेकर प्राणघातक हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार; चाकू, स्टील पाइप और डंडा जब्त

Five accused arrested for fatal attack over old rivalry in Janjgir-Champa; knife, steel pipe, and stick seized

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के नैला थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू, स्टील पाइप और लकड़ी का डंडा बरामद किया है। मामले में एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 को जिला चिकित्सालय जांजगीर से सूचना मिली कि ग्राम सिवनी खैरवार निवासी संत कुमार बरैठ (45) घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। मुलाहिजा रिपोर्ट में उसके सिर, दाहिने कंधे और बाएं हाथ में चोटें पाई गईं। चिकित्सक ने चोटों को गंभीर प्रकृति का बताया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नैला पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ गवाहों के समक्ष आवश्यक कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की, जिसमें घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू, स्टील की पाइप और लकड़ी का डंडा बरामद किया। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में समीर सारथी उर्फ राजू, रंजीत सारथी उर्फ विक्की, प्रमोद कुमार यादव, तीनों निवासी ग्राम सिवनी, संदीप सारथी निवासी ग्राम सुकली थाना जांजगीर और दीपक कुमार रोहिदास शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना नैला के निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, एएसआई नरेंद्र शुक्ला, प्रधान आरक्षक राजमणि द्विवेदी, जगदीश अजय,

संतोष प्रधान, डीकेश्वर साहू और गोपेश्वर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।