खड़े वाहन से टकराई फायर ब्रिगेड, चालक की मौत, कंडक्टर गंभीर

Fire brigade vehicle collides with stationary vehicle, driver killed, conductor critical

धमतरी 26 मई 2026 । छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां आग बुझाने के लिए जा रहा अग्निशमन वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया। इस घटना में फायर ब्रिगेड के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दुगली थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, अग्निशमन वाहन नगरी से धमतरी जिले के बागतराई क्षेत्र में लगी आग बुझाने के लिए रवाना हुआ था, तभी गट्टासिल्ली मोड़ के पास पहले से खड़े तूफान वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अग्निशमन वाहन चला रहे नगरी निवासी फलेंद्र साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं वाहन में मौजूद कंडक्टर राजू साहू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं मृतक चालक फलेंद्र साहू के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन में सावधानी की आवश्यकता को उजागर कर दिया।