कोरबा में रिटायर्ड कर्मचारी से नकली पुलिस ने ठगे सोने के गहने

Fake police dupe retired employee of gold jewellery in Korba

कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका क्षेत्र में नकली पुलिस बनकर दो ठगों ने एक बुजुर्ग को अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बुजुर्ग को डरा के, गहने उतरवाए और असली सोने के बदले नकली गहने थमाकर फरार हो गए। घटना की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने बताया कि उनका नाम समीर चट्टोपाध्याय है और वे खरमोरा के रहने वाले हैं। वे बाइक से निहारिका में नारियल पानी पीकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो अज्ञात लोग उनके पास पहुंचे और बोले, ‘रुको, आपको इतनी देर से देख रहे हैं। यहां पुलिस की रेड पड़ी है, अपने गहने उतारकर रख लो।’

आरोपियों ने खुद को पुलिस वाला बताते हुए कहा कि आपके पास गांजा होने की भी सूचना मिली है। इसी डर के माहौल में उन्होंने पीड़ित से एक कागज पर साइन करवा लिया। साइन करवाने के बहाने ही एक आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन और हाथ से अंगूठी निकाल ली। उन्हें पन्नी में डालकर दिया, लेकिन शातिर ठग ने दूसरी पन्नी थमा दी, जिसमें नकली चेन-अंगूठी थी। पीड़ित ने बताया कि उन्हें लगा कि गहने गाड़ी में सुरक्षित रखवा दिए गए हैं। घर जाकर जब उन्होंने बैग खोला तो होश उड़ गए। बैग में रखे गहने असली नहीं, बल्कि रोड गोल्ड के थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पीड़ित ने बताया कि वे पहले बालको में काम करते थे और वर्तमान में रिटायर्ड हैं।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत निहारिका के पास हुई है। शिकायत मिलने पर सिविल लाइन थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बाइक से आए थे। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। बाइक के नंबर और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सीएसपी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।