कोरबा, 13 अगस्त 2026/ छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर गुरुवार को फिर आंदोलन किया। बड़ी संख्या में छात्र सुबह 7 बजे से पढ़ाई छोड़कर छुरी पंचायत के सामने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। एक महीने में यह छात्रों का तीसरा आंदोलन है। इससे पहले छात्र विधायक का घेराव करने के साथ ही सड़क पर चक्काजाम कर चुके हैं। छात्रों के चक्काजाम के कारण कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
करीब चार घंटे तक चले आंदोलन से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे। छात्रों की मुख्य मांग एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. अरसद अहमद अली और छात्रावास अधीक्षक को तत्काल हटाने की है। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल पर कई गंभीर आरोप हैं। इसके साथ ही स्कूल में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर कई बार आंदोलन कर चुके हैं और प्रशासन को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने फिर से उग्र आंदोलन शुरू किया। चक्का जाम की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सहायक आयुक्त, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और थाना प्रभारी ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया और आंदोलन समाप्त करने की अपील की।
लगातार बातचीत के बाद एसडीएम की ओर से लिखित शिकायत दिए जाने के बाद छात्रों ने अपना चक्का जाम समाप्त कर दिया। करीब चार घंटे बाद मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल हुआ।स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लगातार हो रहे चक्का जाम पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बार-बार सड़क जाम होने से आम लोगों को परेशानी होती है और गांव की छवि भी प्रभावित हो रही है। प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।







