कोरबा में होली पर नशेड़ियों का तांडव: चाकू और सर्जिकल ब्लेड से हमला, चार युवक गंभीर रूप से घायल

Drug addicts go on a rampage on Holi in Korba: Four youths seriously injured after being attacked with knives and surgical blades.

कोरबा, 04 मार्च 2026 होली के त्यौहार के बीच शहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सिटी कोतवाली क्षेत्र के सीतामढ़ी इमलीडुग्गू इलाके में 4 से 5 नशेड़ी युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने चाकू और ऑपरेशन में उपयोग होने वाले सर्जिकल ब्लेड से वार कर वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

घटना में परवीन कुमार बरेठ और मुकेश कुमार यादव को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं धन सिंह और मोहन ठाकुर को भी हमले में चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला अचानक किया गया, जिससे पीड़ितों को संभलने का मौका नहीं मिला।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले युवक मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा और राकेश हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि ये सभी आदतन अपराधी और नशे के आदी बताए जाते हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सीतामढ़ी इलाके में लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है। नशे की वजह से आए दिन चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का आरोप है कि इस पर कोतवाली पुलिस का कोई प्रभावी अंकुश नहीं है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।

घटना के बाद बड़ी संख्या में बस्तीवासी सिटी कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। होली जैसे पर्व पर हुई इस हिंसक घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।