11 सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवर संघ का प्रदर्शन, यात्रियों-व्यापारियों को भारी परेशानी

Drivers' union protests over 11-point demands, causing significant inconvenience to passengers and traders

रायपुर,25अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ में ड्राइवर संघ की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर पूरे प्रदेश में आज से हड़ताल शुरू हो गई है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में इसका सीधा असर दिखाई दे रहा है। बस स्टैंडों पर यात्रियों की भीड़ है लेकिन गाड़ियां न चलने से लोग घंटों फंसे हुए हैं। वहीं ट्रक, बस और मालवाहक वाहनों के पहिए थम जाने से व्यापार और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो गई है।फिल्म समीक्षा

मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी
ड्राइवर संघ का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। ड्राइवरों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

सूरजपुर में चक्काजाम, कोयला परिवहन ठप
सूरजपुर जिले में ड्राइवरों ने केतका-बिश्रामपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है। इससे कोयला परिवहन पूरी तरह से ठप हो गया है। मौके पर SECL और जिला प्रशासन की टीम पहुंचकर ड्राइवरों को समझाने की कोशिश कर रही है, लेकिन ड्राइवरों का कहना है कि जब तक मांगे नहीं मानी जाएंगी, चक्काजाम जारी रहेगा।

राजनांदगांव में भी आंदोलन तेज
इसी तरह राजनांदगांव में भी छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने हड़ताल शुरू कर दी है। डोंगरगांव रोड पर ड्राइवरों ने नारेबाजी करते हुए ट्रक और बसों को रोक दिया। इससे शहर के अंदर और बाहर जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

यात्रियों और व्यापारियों की बढ़ी मुश्किलें
हड़ताल की वजह से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सूरजपुर और राजनांदगांव जैसे शहरों में बस स्टैंडों पर यात्रियों की लंबी कतारें लगी हैं। कई व्यापारी संगठनों ने सरकार से अपील की है कि ड्राइवर संघ से तत्काल बातचीत कर परिवहन व्यवस्था बहाल की जाए।