जांजगीर-चांपा, 09 जून 2026। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में उधार दिए गए रुपये वापस मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पैसे मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए टांगी से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे पीड़ित का दाहिना कान कट गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय निवासी ग्राम खोंड ने 8 जून 2026 को थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि पिछले वर्ष दिवाली से पहले उसने परिचित शनि केंवट को मकान निर्माण के लिए 10 हजार रुपये उधार दिए थे।
बताया गया कि 8 जून की रात करीब 8 बजे रघुनंदन ने गांव में शनि केंवट को देखकर अपने पैसे वापस मांगे। इस बात पर आरोपी भड़क गया और पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। कुछ देर बाद आरोपी प्रार्थी के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने लोहे की टांगी से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित का दाहिना कान कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 118(2), 296, 351(3) एवं 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पूछताछ के दौरान आरोपी शनि केंवट (45 वर्ष), निवासी खोंड, थाना अकलतरा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई सुरेंद्र कश्यप एवं प्रधान आरक्षक शरीफुद्दीन खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








