वेल्डिंग दुकान के पास पिकअप सुधरवाने गए युवक पर चाकू और डंडे से किया था ताबड़तोड़ वार
- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कोटा थाना पुलिस की त्वरित और बड़ी कार्यवाही
- बिलासपुर/कोटा।थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेतना अभियान के तहत अपराधों की रोकथाम के लिए कोटा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुरानी रंजिश की बात को लेकर जान से मारने की नीयत से चाकू और डंडे से हमला करने वाले चार शातिर आरोपियों को पुलिस ने अपराध दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू, लाठी और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डोंगरिपारा निवासी प्रार्थी का आरोपियों से एक वर्ष पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपी आए दिन लड़ाई-झगड़ा करते थे। बीते शनिवार (26 अक्टूबर) की शाम करीब 7:00 बजे प्रार्थी अपनी पिकअप गाड़ी बनवाने के लिए शिव वेल्डिंग दुकान गया था। इसी दौरान वहां आरोपी कोमल साहू, नितेश साहू और गिरिजा शंकर दुबे पहुंचे। आरोपी नितेश साहू ने प्रार्थी को दबोच लिया, जिसके बाद कोमल साहू ने “आज तेरे गला को काटकर मार डालूंगा” चिल्लाते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से 3-4 बार ताबड़तोड़ वार किए। प्रार्थी ने मुस्तैदी दिखाते हुए हाथ से वार रोके, जिससे उसकी जान बच गई। इसी बीच आरोपी गिरिजा शंकर ने लकड़ी के डंडे से प्रार्थी की पीठ और भुजा पर जोरदार हमला कर दिया।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित एक्शन
घटना के बाद प्रार्थी ने तुरंत थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (IPS) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में कोटा पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर चारों आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
हथियार और बुलेट बाइक जब्त, भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 3(5), 61 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कोमल साहू (22 वर्ष), नितेश साहू (26 वर्ष), देवेंद्र साहू (21 वर्ष) तीनों निवासी डोंगरिपारा कोटा और गिरिजा शंकर दुबे (32 वर्ष) निवासी पड़ावपारा कोटा शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 01 नग धारदार चाकू, 01 नग लकड़ी का डंडा और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BQ 7102) जब्त कर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी त्वरित कार्यवाही में कोटा थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी प्र. उप निरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक शिव साहू, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सोम कुमार उइके, जलेश्वर साहू और मोहन सिंह ध्रुव की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।







