निगम की सख्ती: 3 बड़े बकायादारों की संपत्ति सील, दो ने राशि जमा कर छुड़ाई, एक पर कार्रवाई जारी

Corporation's strictness: Property of 3 big defaulters sealed, two got it released by depositing the amount, action continues against one

कोरबा, 20 मार्च 2026। नगर पालिक निगम कोरबा ने बकाया कर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए आज तीन बड़े बकायादारों की संपत्तियों को सील कर दिया। हालांकि कार्रवाई के तुरंत बाद दो बकायादारों ने बकाया राशि जमा कर दी, जिसके बाद उनकी संपत्तियों से सील हटा दी गई, जबकि एक बकायादार की संपत्ति अब भी सील है

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर निगम के राजस्व अमले ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, कोरबा जोन क्षेत्र में बी.पी. मोदी पर 1 लाख 81 हजार 56 रुपये, अनूपचंद अग्रवाल पर 2 लाख 32 हजार 653 रुपये तथा शंकरशरद अग्रवाल पर 91 हजार 602 रुपये का बकाया था। कार्रवाई के तहत तीनों की संपत्तियों को सील किया गया।

सीलिंग के बाद बी.पी. मोदी ने पूरी बकाया राशि तत्काल जमा कर दी, जबकि अनूपचंद अग्रवाल ने 1 लाख 50 हजार रुपये जमा कर शेष राशि 31 मार्च तक जमा करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों की संपत्तियों को सीलिंग से मुक्त कर दिया गया। वहीं, शंकरशरद अग्रवाल द्वारा राशि जमा नहीं करने पर उनकी संपत्ति अभी भी सील है।

निगम प्रशासन का कहना है कि जिन बकायादारों द्वारा बार-बार नोटिस और वारंट जारी करने के बावजूद कर राशि जमा नहीं की जा रही है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगम के अनुसार, संपत्तिकर, समेकित कर और जलकर सहित विभिन्न मदों में बड़ी राशि बकाया है, जिससे निगम को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ शहर के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है और आगे कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे समय पर बकाया राशि जमा करें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।

इसी दौरान निगम की टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर सी एंड डी वेस्ट (निर्माण सामग्री) डंप करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। वार्ड क्रमांक 07 में सड़क और सार्वजनिक स्थल पर निर्माण सामग्री डालने पर एक व्यक्ति पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया और सामग्री के उचित निपटान के निर्देश दिए गए।