ऑपरेशन बाज के तहत चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

Chilfi police take major action under Operation Baaz, arrest 4 accused in attempt to murder case

मुंगेली/चिल्फी, 12 अगस्त 2026। मुंगेली जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम सिलतरा में जमीन विवाद को लेकर हुए हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत चिल्फी पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का बरछा और डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:50 बजे ग्राम सिलतरा निवासी तोरन खाण्डे अपने बेटे दीपेन्द्र खाण्डे के साथ तालाब के पास स्थित खेत में गए थे। दीपेन्द्र ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान गांव के रामजी बर्मन, रघुवंश बर्मन, कला बाई बर्मन और सारिका बर्मन वहां पहुंचे और खेत में ट्रैक्टर चलाने की बात को लेकर दीपेन्द्र से विवाद करने लगे।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दीपेन्द्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक रघुवंश बर्मन ने लोहे के बरछे से दीपेन्द्र के सिर पर वार किया, जबकि रामजी बर्मन ने हाथ-मुक्का और लाठी से उसके गाल एवं होंठ पर चोट पहुंचाई। वहीं कला बाई और सारिका बाई ने दीपेन्द्र का हाथ पकड़कर उसके साथ गाली-गलौज की।

मारपीट के दौरान दीपेन्द्र के पिता तोरन खाण्डे बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और लोहे के बरछे से सिर, बाएं हाथ के पंजे के ऊपर तथा बाएं गले पर वार कर उन्हें घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद चिल्फी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट और विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ितों, घायलों और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में चिल्फी पुलिस ने “ऑपरेशन बाज” के तहत आरोपियों की लगातार तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और लगातार पतासाजी की। इसी दौरान 11 अगस्त 2026 को पुलिस ने चारों फरार आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रघुवंश बर्मन पिता रामजी बर्मन, उम्र 24 वर्ष, रामजी बर्मन पिता रनदास बर्मन, उम्र 52 वर्ष, कला बाई बर्मन पति रामजी बर्मन, उम्र 50 वर्ष और सारिका बर्मन पति रघुवंश बर्मन, उम्र 20 वर्ष, सभी निवासी ग्राम सिलतरा, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली के रूप में हुई है।

पूछताछ और गवाहों के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडा और लोहे का बरछा भी जब्त किया गया। गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को 11 अगस्त को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चिल्फी थाना प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चन्द्रा, सहायक उप निरीक्षक मनक राम ध्रुव, प्रधान आरक्षक सिद्धेश्वर प्रसाद बंजारे, आरक्षक मुकेश कुर्रे और आरक्षक प्रशांत कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुंगेली पुलिस के अनुसार गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। “ऑपरेशन बाज” के तहत अपराधियों की धरपकड़ और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।