सशमं दर्री में कृष्ण जन्मोत्सव की धूम: राधा-कृष्ण के रूप में नन्हे बच्चों ने मोहा मन, बड़े भैया-बहनों ने फोड़ी मटकी

Celebration of Krishna Janmotsav in Shasham Darri: Little children in the form of Radha-Krishna captivated the hearts, elder brothers and sisters broke the pot.

कोरबा/दर्री/4 सितंबर 2026 (इंडिया टुडे लाइव) सरस्वती शिशु मंदिर, एच.टी.पी.पी.दर्री में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर भगवान कृष्ण के जयकारों और भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।

उत्सव की शुरुआत में कक्षा अरुण से लेकर पंचम तक के नन्हे-मुन्ने बालकों ने भगवान श्रीकृष्ण और बालिकाओं ने राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा धारण कर विद्यालय परिसर में प्रवेश किया। पारंपरिक परिधानों, मुकुट और बांसुरी से सजे इन बच्चों की अलौकिक छवि ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद नन्हे राधा-कृष्ण के स्वरूपों ने मंच पर सुंदर और मनभावन भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

“जय कन्हैया लाल की” के जयकारों के साथ फूटी मटकी
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यालय के बड़े भैया-बहनों (बालक-बालिकाओं) के लिए रोमांचक ‘मटकी फोड़ प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में भारी उत्साह देखा गया। जैसे ही मटकी को ऊंचाई पर लटकाया गया, पूरा परिसर हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं ने टोलियां बनाकर पूरे जोश के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ के आनंद का भरपूर लुत्फ उठाया।

प्रतिभागियों को मिले उपहार
समारोह के समापन पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर  ने सभी बच्चों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने बच्चों को भगवान कृष्ण के जीवन मूल्यों को अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। इसके साथ ही, उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागी भैया-बहनों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और आकर्षक उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य (शिक्षक-शिक्षिकाएं) एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।