दुर्ग 10 फरवरी 2026। शहर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पावर हाउस बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित होटल छाया इन में छापा मारकर देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई से न केवल इलाके में हड़कंप मच गया, बल्कि होटल कारोबार की आड़ में चल रही अवैध गतिविधियों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
यह पूरी कार्रवाई दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) विजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई। डीएसपी चित्रा वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा और संबंधित थाना स्टाफ को शामिल किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त होटल में लंबे समय से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने रणनीति बनाकर होटल में अचानक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान होटल में संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि होटल संचालक और दलाल मिलकर देह व्यापार का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने मौके से जांजगीर जिले से आई दो युवतियों और भोपाल से किराए पर बुलाई गई एक युवती को रेस्क्यू किया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि इन युवतियों को दलाल के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर भेजा जाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि होटल संचालक और दलाल बाहर के जिलों और राज्यों से युवतियों को बुलाते थे। उन्हें पहले किराए के मकानों में ठहराया जाता और फिर ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए कार की व्यवस्था की जाती थी। एक आरोपी युवक इसी कार के जरिए युवतियों को कस्टमर तक ले जाने का काम करता था। पूरा नेटवर्क योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो।







