फर्जी लोन और ठगी के लिए चल रहे कॉल सेंटर का पर्दाफाश, पुलिस ने साइबर अपराध के गिरोह को किया गिरफ्तार…

Call center operating for fraudulent loans and fraud busted, police arrest cyber crime gang…

बिलासपुर,24 जून 2026/ सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो फर्जी तरीके से ऑफिस चलाकर आम नागरिकों को अपनी ठगी का शिकार बना रहा था। सीएसपी निमितेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक कार्यालय खोलकर विभिन्न माध्यमों से लोगों की निजी जानकारियां, फोन नंबर और पहचान पत्र हासिल कर रहे थे। इन जानकारियों का इस्तेमाल करके गिरोह के सदस्य लोगों को लगातार फोन कर फर्जी लोन देने का झांसा देते थे और अन्य हथकंडे अपनाकर उनसे ठगी की कोशिश कर रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की, जिसमें खुलासा हुआ कि गिरोह के पास हजारों की संख्या में लोगों के फोन नंबर मौजूद हैं, जिनका उपयोग वे लगातार लोगों को फोन करने और उन्हें धोखा देने के लिए कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि इन नंबरों को गिरोह द्वारा बेचा भी जा रहा था। इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए सिविल लाइन पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 72 ए, 318(4) बीएनएस और 65 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी निमितेश सिंह ने स्पष्ट किया कि मामले की गहन विवेचना की जा रही है और पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या इस रैकेट का कोई संबंध साइबर फ्रॉड से भी है।