बूथ से लेकर शक्ति केंद्र तक संगठन को मजबूत करने भाजपा की रणनीति — कोसाबाड़ी मंडल की अहम बैठक पोड़ीबहार में संपन्न

BJP's strategy to strengthen the organization from booth level to Shakti Kendra - Important meeting of Kosabadi Mandal concluded in Podibahar

कोरबा 7 मार्च 2026/जनसंपर्क अभियान तेज करने और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का लिया गया संकल्प
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कोसाबाड़ी मंडल भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक पोड़ीबहार में आयोजित की गई। यह बैठक मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर के निवास पर संपन्न हुई, जिसमें मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी तथा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में शक्ति केंद्र स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, बूथ समितियों को सक्रिय बनाने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका मजबूत संगठन और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता हैं, इसलिए हर कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद को मजबूत किया जाएगा, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिल सके।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मंजु सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री लक्ष्मीकांत जोशी, जिला मीडिया प्रभारी श्री अर्जुन गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री प्रकाश अग्रवाल, वरिष्ठ नेता श्री दीप नारायण सोनी, मंडल महामंत्री श्री मिलाप राम बरेठ, श्री पुनि राम साहू, मंडल कोषाध्यक्ष श्री अनिल वस्त्रकार, श्री ललेश दुबे, श्री दिनेश वैष्णव, मंडल उपाध्यक्ष श्री श्रीधर द्विवेदी, श्रीमती सरिता कौशिक, श्रीमती मीरा सोनी, श्री प्यारे लाल साहू, मंडल मंत्री श्री गोप लाल राठिया, श्रीमती सरस्वती पटेल, श्री तेरस दास दीवान, श्री यशवंत श्रीवास तथा श्री पटेल जी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय रखने और जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का संकल्प लिया।