बिलासपुर / बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही आफत की बारिश के कारण जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात भी पूरी तरह चरमरा गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे SECR के बिलासपुर जोनल स्टेशन और यार्ड के पटरियों, रेलवे ट्रैक्स पर भारी जलभराव हो गया है। ट्रैक डूबने के कारण सिग्नलिंग और रेलवे ट्रैक सर्किट सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया है।
सुरक्षा के लिहाज से रेलवे प्रशासन ने 17 जुलाई 2026 (आज) रायपुर, कोरबा और रायगढ़ रूट पर चलने वाली पांच मेमू/लोकल ट्रेनों को रद कर दिया है। वहीं, कई वीआईपी ट्रेनों को बिलासपुर स्टेशन और बाहरी आउटरों पर ही रोक कर नियंत्रित किया गया है।
रेलवे नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर स्टेशन यार्ड में पानी भर जाने से ट्रैक सर्किट सामान्य नहीं हो पा रहा है। इस तकनीकी आपातकाल के कारण हावड़ा-मुंबई रूट की सबसे महत्वपूर्ण सुपरफास्ट ट्रेन ज्ञानेश्वरी सुपरडीलक्स और हावड़ा-मुंबई मेल सहित कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को बिलासपुर स्टेशन पर ही काफी देर तक रोककर रखा गया।
रेलवे इंजीनियरों का कहना है कि जब तक यार्ड का सर्किट सामान्य नहीं हो जाता, तब तक सुरक्षा नियमों के तहत पायलेटिंग, मैनुअल गाइडेंस/पायलट की मदद के जरिए ही बहुत धीमी गति से ट्रेनों को बिलासपुर रेलवे यार्ड से सुरक्षित गुजारा जाएगा।
ट्रेन नंबर 68734 बिलासपुर-कोरबा मेमू
ट्रेन नंबर 68733 कोरबा-बिलासपुर मेमू
ट्रेन नंबर 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू
ट्रेन नंबर 68746 रायपुर-बिलासपुर मेमू
ट्रेन नंबर 68745 बिलासपुर-रायपुर मेtमू
ट्रेन नंबर 68735 (रायगढ़-बिलासपुर मेमू) को बिलासपुर के बजाय चांपा स्टेशन में ही समाप्त कर दिया गया है।
ट्रेन नंबर 68738 (बिलासपुर-रायगढ़ मेमू) बिलासपुर से छूटने के बजाय चांपा स्टेशन से ही रायगढ़ के लिए रवाना की जाएगी।
ट्रेन नंबर 68728 (रायपुर-बिलासपुर मेमू) को बिलासपुर न लाकर दाधापारा स्टेशन से ही वापस रायपुर के लिए रवाना किया गया है।







