बिलासपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध विक्रेताओं पर कसा शिकंजा

Bilaspur Traffic Police cracks down on illegal silencers, cracks down on modified silencers

बिलासपुर, 10 जनवरी 2025। यातायात पुलिस बिलासपुर ने शहर में बढ़ते मॉडिफाइड साइलेंसर के दुरुपयोग को लेकर बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में 10 जनवरी को अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले विक्रय स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर अत्यधिक शोर उत्पन्न करने वाले साइलेंसर बेचने और उपयोग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस एवं संबंधित थानों की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उन स्थानों पर छापेमारी की, जहां मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाए जा रहे थे। ऐसे वाहन शहर में चलते समय तेज और अमानक आवाज निकालकर आम नागरिकों में भय का माहौल बना रहे थे और यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर तत्काल निकलवाकर उनके स्थान पर मानक स्तर के साइलेंसर लगवाए गए।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से शपथ पत्र भरवाकर ही वाहन सुपुर्द किए जा रहे हैं। साथ ही जिन मामलों में युवा वाहन चालक इस प्रकार के साइलेंसर का उपयोग कर रहे थे, उनके माता-पिता एवं अभिभावकों को भी यातायात कार्यालय बुलाकर समझाइश दी गई और खतरनाक तरीके से वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।

कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों के अभिभावकों को तेज गति, लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने और स्टंट करने के गंभीर परिणामों से भी अवगत कराया गया। इसके अलावा शहर के समस्त मोटर गैरेज एवं ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं को भी सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि अमानक मॉडिफाइड साइलेंसर का विक्रय करते पाए गए तो उनके खिलाफ और भी कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने यह भी बताया कि ऐसे ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं की दुकानों को नगर निगम के माध्यम से ब्लैकलिस्ट किए जाने हेतु प्रतिवेदन भेजा जाएगा, ताकि शहर में अमानक साइलेंसर की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां शहर की सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करती हैं।

विदित हो कि यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा लगातार शराब एवं नशे का सेवन कर वाहन चलाने, तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबन एवं वाहनों को ब्लैकलिस्ट किए जाने के लिए आरटीओ विभाग को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।

इस सख्त अभियान के दौरान डीएसपी शिवचरण परिहार, निरीक्षक सईद अख्तर, उप निरीक्षक पी.आर. मंडावी, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र नेताम सहित यातायात पुलिस एवं संबंधित थानों का अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहा।