बिलासपुर रेंज आईजी ने जांजगीर-चांपा में ली पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों पर दिए सख्त निर्देश

Bilaspur Range IG held a review meeting with police officers in Janjgir-Champa, issued strict instructions regarding law and order and pending cases.

जांजगीर चांपा, 14 फरवरी 2026। बिलासपुर रेंज पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने आज शनिवार को जांजगीर-चांपा पुलिस के अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक पुलिस कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित की गई, जिसमें जिले के पुलिस अधीक्षक सहित सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना-चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति का समग्र मूल्यांकन किया गया। हाल के समय में दर्ज अपराध, गंभीर और संवेदनशील प्रकरण, लंबित मामलों की विवेचना प्रगति और चालानी कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की गई।

आईजी ने चोरी, लूट, नकबजनी, मारपीट, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध तथा अवैध शराब और नशे के कारोबार से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस करते हुए प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की प्राथमिकता के आधार पर तलाश कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही पुराने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग, चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी और बीट प्रणाली को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने, आम जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करने और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।

आईजी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर सतर्क निगरानी रखने तथा त्वरित तथ्यात्मक प्रतिक्रिया देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बैठक के अंत में उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को अनुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कानून-व्यवस्था बनाए रखने और परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे तथा डीएसपी अजाक सतरूपा तारम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।