जयरामनगर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर दबोचा, ओडिशा के बलांगीर से लाकर सीपत क्षेत्र में खपाने की थी तैयारी
बिलासपुर मस्तूरी/अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना मस्तूरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने जयरामनगर रेलवे फाटक ओवरब्रिज के नीचे छापेमारी कर एक महिला, एक पुरुष और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹6,5,000 आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह व डीएसपी (ACCU) श्री सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में टीम लगातार गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि तीन पुरुष और एक महिला जयरामनगर रेलवे फाटक के पास पिट्टू बैग और झोले में भारी मात्रा में गांजा लेकर खड़े हैं। वे बस या ऑटो का इंतजार कर रहे थे ताकि माल को ग्राम मटियारी (थाना सीपत) ले जाकर खपाया जा सके।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
सूचना मिलते ही ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी और मस्तूरी थाना प्रभारी निरीक्षक सलीम खाका के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। संदिग्धों को रोककर जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से 13 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त मोबाइल फोन को जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों के नाम:
- आकाश सिसोदिया (21 वर्ष), पिता: राजू सिसोदिया, निवासी: ग्राम मटियारी, थाना सीपत (बिलासपुर)
- श्रीमती पूर्वा मालिया (20 वर्ष), पति: आकाश सिसोदिया, निवासी: ग्राम मटियारी, थाना सीपत (बिलासपुर)
(नोट: मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपी विधि से संघर्षरत बालक हैं।)
ओडिशा से जुड़े हैं तस्करी के तार
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे इस खेप को ओडिशा राज्य के बलांगीर जिले से बेहद सस्ते दामों में खरीदकर लाए थे। इसे सीपत और आसपास के ग्रामीण इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटी कमाई करने की योजना थी, जिसे बिलासपुर पुलिस ने नाकाम कर दिया।सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक गोपाल सतपथी, निरीक्षक सलीम खाका, उप निरीक्षक सुजान जगत, उप निरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह, आरक्षक प्रेम सूर्यवंशी, मुकेश शर्मा, रवि यादव, रमेश यादव और धीरेंद्र तोमर का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।







