तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में बाइक सवार की मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया चक्काजाम

Bike rider killed after being hit by a speeding Hiva, angry family members staged a road blockade

कोरबा, 05 अप्रैल 2026। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बलगी मोड़ से आगे स्थित शराब दुकान के पास की है, जहां तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान सुमेधा सलिहा भांठा निवासी रामेश्वर दास (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे वह अपनी बाइक से कहीं जा रहा था, तभी तेज गति से आ रहे हाइवा वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाइश दी जा रही है ताकि यातायात व्यवस्था बहाल की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हाइवा चालक की तलाश की जा रही है।