
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बदलते समय के साथ हमारे आसपास की दुनिया भी पूरी तरह से बदलने लगी है। जरूरतों के मुताबिक हम हर दिन कुछ नया करते या सीखते रहते हैं। आजकल की दुनिया इंटरनेट से घिरी हुई है। किसी भी चीज का नाम इंटरनेट पर डालते ही उसकी पूरा जानकारी एक क्लिक में मिल जाती है।
ऐसा ही कुछ हम अपने शरीर में नजर आने वाले लक्षणों के साथ भी करते हैं। आजकल हर पल जानकारी उपलब्ध है, इसलिए लक्षण दिखने पर लोग अक्सर गूगल का सहारा लेते हैं। यह भले ही हानिरहित लग सकता है, लेकिन कुछ ऐसे वॉर्निंग साइन्स हैं, जिन्हें आपको कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी कंडीशन में मेडिकल हेल्प में देरी से कीमती समय बर्बाद हो सकता है और कभी-कभी तो जान भी जा सकती है। आइए मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज में इमरजेंसी डिपार्टमेंट के डायरेक्टर और हेड डॉ. संजय जायसवाल से जानते हैं इन संकेतों के बारे में-
सीने में दर्द
डॉक्टर बताते हैं कि सीने में दर्द या दबाव इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले लक्षणों में से एक है। पसीना आना, सांस फूलना, मतली या हाथ, जबड़े या पीठ तक फैलने वाले दर्द के साथ सीने में किसी भी तरह की तकलीफ को इमरजेंसी कंडीशन माना जाना चाहिए। ये लक्षण हार्ट अटैक, जानलेवा रिदम डिसऑर्डर या एओर्टा के फटने (एओर्टिक डिसेक्शन) का संकेत हो सकते हैं।
शरीर के एक तरफ कमजोरी होना
लोग अक्सर शरीर के एक तरफ होने वाली कमजोर को भी इंटरनेट पर काफी सर्च करते हैं। साथ ही यह एक ऐसा लक्षण भी है, जिसे लोग इग्नोर भी करते हैं। हालांकि, इसकी अनदेखी भी आपके लिए हानिकारक हो सकती है। शरीर के एक तरफ अचानक कमजोरी आना, चेहरे का एक तरफ लटक जाना, बोलने में लड़खड़ाहट, इल्युजन, अचानक विजन लॉस या भयंकर सिरदर्द स्ट्रोक या ब्रेन में ब्लीडिंग का संकेत हो सकता है।







