रायपुर ,17 सितंबर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के चावल की सप्लाई में होने वाली कथित हेरफेर पर रोक लगाने के लिए साय सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार अब पीडीएस चावल की बोरियों पर बारकोड लगाने की व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि नया सिस्टम इसी साल दिसंबर से लागू किया जा सकता है।
मिल से निकलते ही बोरी पर लगेगा बारकोड
नई व्यवस्था के तहत मिलर से पीडीएस के लिए चावल की सप्लाई निकलते समय ही बोरियों पर बारकोड लगाया जाएगा। इस बारकोड के जरिए चावल की बोरी की सप्लाई को ट्रैक करने में मदद मिलेगी।
इस व्यवस्था का मकसद चावल की सप्लाई चेन में पारदर्शिता बढ़ाना और रास्ते में बोरियों के बदलने या चावल में किसी तरह की हेरफेर की आशंका को कम करना है।
चावल की हर बोरी की ट्रैकिंग में मिलेगी मदद
पीडीएस चावल की बोरियों पर बारकोड लगने के बाद सप्लाई के दौरान उनकी पहचान और आवाजाही को ट्रैक किया जा सकेगा। इससे मिलर से लेकर वितरण व्यवस्था तक चावल की सप्लाई पर नजर रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।







