आधी रात एटीएम चोरी का प्रयास  पैनल तोड़ कैश बॉक्स तक पहुंचे शातिर चोर अलार्म बजते ही भागे

Attempt to steal ATM at midnight; cunning thieves broke the panel and reached the cash box, but ran away as soon as the alarm rang.

कोरबा में आधी रात शातिर बदमाशों ने इंडिकैश एटीएम को निशाना बनाया, लेकिन चोरी का प्रयास विफल रहा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के शारदा विहार पेट्रोल पंप के पास स्थित इंडिकैश एटीएम में गुरुवार देर रात दो नकाबपोश युवकों ने पैनल तोड़कर कैश बॉक्स तक पहुंचने की कोशिश की। मशीन के अलार्म और सुरक्षा प्रणाली के चलते बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।

घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई, जब आसपास की दुकानें खुलीं। दुकानदारों ने एटीएम का टूटा पैनल और बिखरा सामान देखा तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने एटीएम के अंदर और बाहर मिले औजारों तथा टूटे पैनल को कब्जे में ले लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों नकाबपोश युवक देर रात एटीएम में घुसे और मशीन के सामने वाले पैनल को गैस कटर या किसी भारी औजार से काटने का प्रयास किया। वे कैश बॉक्स तक पहुंचना चाहते थे, लेकिन एटीएम की सुरक्षा परत और समय रहते बज गए अलार्म के कारण घबराकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों युवक नकाब पहने और हाथों में औजार लिए दिखाई दे रहे हैं।

मानिकपुर चौकी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। आसपास के पेट्रोल पंप, दुकानों और सड़क किनारे लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुड़ापार मुख्य मार्ग स्थित इस एटीएम के आसपास देर रात तक नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे पहले भी पुलिस यहां पेट्रोलिंग कर नशेड़ियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। लोगों का आरोप है कि उनकी मौजूदगी के कारण इलाके में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।