सूरजपुर, 2 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामेश्वरम में घरेलू विवाद के बाद एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक सिरफिरे दामाद ने आधी रात को ससुराल के घर में घुसकर सो रहे अपने बुजुर्ग ससुर और उनके 6 वर्षीय पोते पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस खौफनाक हमले में दादा और पोता दोनों करीब 20 प्रतिशत झुलस गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद मुस्तैद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पत्नी के मायके जाने से था नाराज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खालापार निवासी आरोपी भजन सिंह का अपनी पत्नी संगीता के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ दिनों पूर्व भजन सिंह ने अपनी पत्नी के साथ जमकर मारपीट की थी, जिससे तंग आकर संगीता अपने मायके ग्राम रामेश्वरम चली गई। कई दिनों तक जब पत्नी वापस घर नहीं लौटी, तो भजन सिंह उसे लेने अपने ससुराल पहुंचा।
साले को दी थी जान से मारने की धमकी
ससुराल पहुंचने पर जब भजन सिंह को उसकी पत्नी घर पर नहीं मिली, तो वह आपा खो बैठा। उसने पत्नी के गायब होने के पीछे अपने साले कल सिंह को जिम्मेदार ठहराया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद किया। इस दौरान आरोपी ने पूरे ससुराल पक्ष को जान से मारने की खुली धमकी दी और वहां से निकल गया।
आधी रात को दिया वारदात को अंजाम
धमकी देने के बाद आरोपी भजन सिंह देर रात पूरी प्लानिंग के साथ दोबारा अपने ससुराल पहुंचा। उसने दबे पांव घर के दरवाजे की टटरी खोली और अंदर दाखिल हो गया। उस वक्त कमरे में बुजुर्ग जय सिंह और उनका 6 वर्षीय पोता सत्यम सिंह एक ही बिस्तर पर कंबल ओढ़कर सो रहे थे। आरोपी ने दोनों के ऊपर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी।
चीख-पुकार के बाद मची अफरा-तफरी, आरोपी जेल दाखिल
बिस्तर पर अचानक आग भड़कने से घर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर जागे परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और झुलसे हुए दादा-पोते को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामानुजनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी भजन सिंह को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।







