सिम्स गेट पर अवैध वसूली और जानलेवा हमला करने वाला आरोपी आशीष यादव गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Ashish Yadav, accused of extortion and attempted murder at SIMS Gate, arrested and sent to jail

बिलासपुर। सिम्स अस्पताल के गेट के पास राहगीरों से शराब के लिए पैसे मांगकर आतंक मचाने और मना करने पर नुकीली वस्तु से हमला करने वाले फरार आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल पेचकस जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राहुल श्रीवास (21 वर्ष), निवासी छोटी कोनी बांबे आवास देवनगर, गत 28 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे सिम्स अस्पताल गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान गोंडपारा आदर्श चौक निवासी आरोपी आशीष यादव (30 वर्ष) वहाँ पहुँचा और राहुल से शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।

पैसा नहीं देने पर किया जानलेवा हमला
जब प्रार्थी राहुल ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी आशीष यादव तैश में आ गया और सार्वजनिक रूप से मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास रखे एक नुकीले लोहे के पेचकस से राहुल की हथेली पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राहुल लहूलुहान हो गया, जिसका इलाज सिम्स अस्पताल में कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 486/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा
घटना के बाद से ही आरोपी आशीष यादव लगातार फरार चल रहा था। बुधवार, 9 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी गोंडपारा इलाके में छुपा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और आरोपी आशीष यादव को धर दबोचा। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पेचकस को जब्त कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।