मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत ने किया पौधारोपण, डॉ. दिविक एच. मित्तल और एमडी यशा मित्तल ने दिया मानव सेवा का संदेश
कोरबा 6 जुलाई2026/भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती शिवाय हॉस्पिटल में श्रद्धा और सामाजिक सरोकार के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के संयोजक अमित टमकोरिया, शिवाय हॉस्पिटल के संचालक डॉ. दिविक एच. मित्तल, एमडी यशा मित्तल सहित भाजपा पदाधिकारी, चिकित्सक और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने शिवाय हॉस्पिटल की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा ही सच्ची राष्ट्रसेवा है। महापौर संजू देवी राजपूत ने अस्पताल को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक दायित्व निभाने वाली प्रेरणादायी संस्था बताया।
डॉ. दिविक एच. मित्तल ने कहा कि प्रत्येक मरीज किसी परिवार की उम्मीद होता है, इसलिए उपचार के साथ संवेदनशील व्यवहार भी आवश्यक है। वहीं यशा मित्तल ने कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।








