अवैध रेत परिवहन पर अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 हाइवा वाहन जब्त

Akaltara police take major action against illegal sand transportation, 14 Hiva vehicles seized

जांजगीर-चांपा, 28 फरवरी 2026 जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे 14 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। पुलिस द्वारा संबंधित वाहन चालकों और मालिकों के विरुद्ध गौण खनिज अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले भर में अवैध खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में अकलतरा पुलिस ने बीती देर रात हाईवे मार्ग पर दबिश दी। इस दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे 14 हाइवा वाहनों को रोका गया और जांच के बाद मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के दस्तावेजों और रेत परिवहन से संबंधित वैध अनुमति की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ गौण खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।