कोरबा 26 जुलाई 2026/ कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित डिपरापारा में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। बिजली के खंभे पर चढ़े एक व्यक्ति की 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय लवकुश साहू के रूप में हुई है, जो हमाली का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह अपने घर के बाहर स्थित बिजली के खंभे पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीवार के सहारे खंभे पर चढ़ने के दौरान वह 11 केवी हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले लवकुश और उसकी पत्नी बिंदा साहू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी आधार पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही बिजली विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि यह जांच की जा सके कि बिजली के खंभे और हाईटेंशन लाइन से जुड़े सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।







