सक्ति में थर्माकोल पेपर कटर से युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

A youth was attacked with a thermocol paper cutter in Sakti, the accused was arrested.

सक्ति, 10 जुलाई। सक्ति पुलिस ने थर्माकोल पेपर कटर से युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून से सना थर्माकोल पेपर कटर भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार थाना सक्ति में अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पति अभय चौहान उर्फ साहिल उर्फ बोंगा पर वार्ड क्रमांक-1 निवासी कृष्णा सारथी ने हत्या की नीयत से धारदार थर्माकोल पेपर कटर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में अभय के गले और सीने जैसे शरीर के अत्यंत संवेदनशील अंगों पर कई वार किए गए। गंभीर हालत में पहले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ति, फिर जांजगीर और बाद में बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। स्वतंत्र गवाहों के बयान और बिलासपुर स्थित अस्पताल में घायल के मरणासन्न कथन दर्ज किए गए, जिसमें आरोपी का नाम सामने आया।

पूछताछ के दौरान आरोपी कृष्णा सारथी ने बताया कि अभय चौहान उससे बार-बार पैसे मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई, जिससे गुस्से में आकर उसने थर्माकोल पेपर कटर से गले और सीने पर हमला कर दिया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने खून से सना थर्माकोल पेपर कटर बरामद कर जब्त कर लिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक राहुल बाजपेयी, पूजा यादव, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन तथा आरक्षक भागवत श्रीवास, रामकृष्ण देवांगन, विकास राठौर, दीपक बंजारे सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।