युवक ने दी जान, मोबाइल की स्क्रीन पर मिला सुसाइड नोट, लिखा…भगवान मुझे बुला रहे हैं

A young man committed suicide; a suicide note was found on his mobile screen, which read, "God is calling me."

बिलासपुर 28 जुलाई 2026। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित इंटरसिटी इंटरनेशनल होटल में मंगलवार को एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय शिवशंकर शर्मा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, युवक होटल के रूम नंबर 205 में ठहरा हुआ था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो युवक फंदे पर लटका मिला।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को युवक के मोबाइल फोन की स्क्रीन पर एक कथित सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा था कि “भगवान मुझे बुला रहे हैं” और परिवार के लोगों को परेशान नहीं करने की अपील की गई है।

हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह संदेश वास्तव में युवक ने ही लिखा था या नहीं। मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवक के मोबाइल की गैलरी पूरी तरह खाली मिली है। इसे देखते हुए पुलिस प्रेम प्रसंग, व्यक्तिगत तनाव और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

फिलहाल तोरवा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।