वैष्णो देवी में उमड़ा आस्था का सैलाब ! 24 घंटे में पहुंचे 42 हजार भक्त

A wave of faith surges at Vaishno Devi; 42,000 devotees arrive in 24 hours.

कटड़ा। विश्व प्रसिद्ध मां वैष्णो देवी की यात्रा इन दिनों श्रद्धालुओं के भारी उत्साह के चलते चरम पर पहुंच गई है। यात्रा मार्ग से लेकर भवन तक हर तरफ श्रद्धालुओं की चहल-पहल और लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह पूरी तरह बरकरार है।

पंजीकरण केंद्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। वहीं भवन पर मां के दिव्य दर्शनों के लिए भी श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करे

सुरक्षा व्यवस्था के तहत दर्शनी ड्योढ़ी और विभिन्न जांच केंद्रों पर कड़ी जांच की जा रही है, जिसके चलते श्रद्धालुओं को कतारों में खड़ा रहना पड़ा। बावजूद इसके श्रद्धालुओं के चेहरे पर मां के दर्शन की आस्था और उत्साह साफ दिखाई दिया।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग तथा श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड पूरी तरह सतर्क मोड पर हैं। यात्रा मार्ग और भवन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

शनिवार को मौसम आम तौर पर साफ रहा और तपती गर्मी में भी श्रद्धालु जोश व श्रद्धा के साथ परिवार और मित्रों के साथ भवन की और रवाना होते रहे।

श्राइन बोर्ड की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई गईं। हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा और रोपवे सेवा का श्रद्धालुओं ने भरपूर लाभ उठाया। इसके अलावा कई श्रद्धालु घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाओं का उपयोग करते हुए भी नजर आए।

यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार में प्रसाद और धार्मिक वस्तुओं की खरीदारी करते दिखे, जिससे बाजारों में भी अच्छी रौनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार 5 जून को करीब 42500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी की यात्रा की थी।

वहीं, 6 जून शनिवार रविवार बाद दोपहर 3 बजे तक लगभग 29 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।