कवर्धा, 04 मार्च । होली के जश्न के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर बिरकोना के पास हुआ। मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो रायपुर में पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि होली का त्योहार मनाने के लिए अमर अपनी बहन के साथ बाइक से रायपुर से अपने गांव बोड़तरा लौट रहा था।भौगोलिक संदर्भ
इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर दीवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। होली के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







