आधी रात फार्म हाउस में चल रही रेव पार्टी, नशे में धुत्त 21 लड़के-लड़कियां पकड़ाये

A rave party was going on at a farmhouse at midnight; 21 drunk boys and girls were caught.

रायपुर 18 दिसंबर 2025। नववर्ष के स्वागत की तैयारियों के बीच राजधानी रायपुर में जहां एक ओर शहर रंगीन रोशनी, आयोजनों और उत्सव के माहौल में डूबने को तैयार है, वहीं दूसरी ओर जश्न के नाम पर बढ़ते नशे के चलन ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर युवाओं के बीच नशे और अवैध पार्टियों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए रायपुर पुलिस ने नए साल से पहले सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विधानसभा थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध पार्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में स्थित एक फार्महाउस में चोरी-छिपे नशे की पार्टी आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा थाना पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की और देर रात फार्महाउस पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान फार्महाउस में मौजूद युवक-युवतियां नशे की हालत में पाए गए। मौके पर शराब और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 21 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पार्टी पूरी तरह से अवैध तरीके से आयोजित की गई थी और इसमें नशे का खुलेआम सेवन किया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों से मौके पर ही पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए सभी आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि नए साल के दौरान इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए शहरभर में विशेष निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।