कोरबा के बाँकी मोंगरा में टायर गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

A massive fire broke out at a tyre warehouse in Banki Mongra, Korba, causing losses worth lakhs.

कोरबा, 12 अप्रैल 2026 कोरबा जिले के बाँकी मोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक टायर गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना सुतर्रा–कटघोरा मुख्य मार्ग पर तरुण पियूष दुकान के सामने स्थित गोदाम में हुई। आग इतनी विकराल थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का घना गुबार और ऊंची लपटें साफ दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम के सामने लगे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली, जो सीधे गोदाम में रखे टायरों तक पहुंच गई। टायर ज्वलनशील होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया। आग लगने के साथ ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन टायरों में लगी आग तेजी से फैलती गई, जिससे स्थिति पर नियंत्रण पाना कठिन हो गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास खड़ा एक ट्रेलर वाहन भी इसकी चपेट में आने वाला था, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ से उसे समय रहते सुरक्षित हटा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।