बिलासपुर। शहर में शांति व्यवस्था भंग करने और सरेराह हथियार चमकाकर आम जनता में खौफ पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तोरवा पुलिस ने एक और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने लालखदान चौक के पास मोटरसाइकिल पर घूमकर धारदार चाकू लहराते हुए राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक 23 वर्षीय सिरफिरे बदमाश को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
तोरवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर को थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि लालखदान चौक के पास एक युवक मोटरसाइकिल चलाते हुए हाथ में धारदार चाकू लेकर घूम रहा है। वह वहां से गुजरने वाले राहगीरों को चाकू दिखाकर डरा-धमका रहा है, जिससे किसी गंभीर वारदात के होने की आशंका बनी हुई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तोरवा पुलिस की टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर दबिश दी।
घेराबंदी कर दबोचा, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही संदेही को चारों तरफ से घेरकर हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का धारदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद हारून (उम्र 23 वर्ष), निवासी लालखदान तोरवा बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 587/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।







