फार्म हाउस में देर रात चल रही थी हुक्का पार्टी, पुलिस ने मारी रेड 6 युवकों को किया गिरफ्तार..

फार्म हाउस में देर रात चल रही थी हुक्का पार्टी, पुलिस ने मारी रेड 6 युवकों को किया गिरफ्तार..

डोंगरगढ़, 07 मई 2026 शहर में देर रात पुलिस ने एक फार्म हाउस पर चल रही हुक्का पार्टी का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 6 युवकों को गिरफ्तार किया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, डोंगरगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि एक फार्म हाउस में देर रात कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं और वहां हुक्का पार्टी चल रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को अंदर कई युवक हुक्का पीते हुए मिले। पुलिस ने मौके से हुक्का और उससे जुड़ा अन्य सामान जब्त कर लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान विशाल यादव, बाबू विश्वकर्मा, भूपेंद्र नायक, रोहन यादव, दक्ष ठाकुर और तारन निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी युवक डोंगरगढ़ के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं।

पुलिस ने सभी के खिलाफ कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि शहर में देर रात होने वाली अड्डेबाजी, नशाखोरी और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।