अग्रसेन जयंती महोत्सव पर संस्कृति, एकता और श्रद्धा का भव्य संगम

A grand confluence of culture, unity and devotion on Agrasen Jayanti festival

कोरबा 17 सितंबर 2025/अग्रवाल सभा दर्री-जमनीपाली-जैलगाँव द्वारा 16 सितंबर को अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में मनोरंजन, संस्कृति और समाजिक एकता का अद्वितीय संगम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अंताक्षरी एवं म्यूज़िकल हाउजी जैसे आकर्षक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया, जिनमें समाज के सैकड़ों बंधुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अंताक्षरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी गायकी और कला का अद्भुत प्रदर्शन किया, वहीं म्यूज़िकल हाउजी का अनोखा अंदाज़ सभी के लिए अविस्मरणीय रहा। कार्यक्रम स्थल पर आनंद मेला का भी आयोजन हुआ जिसने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया और छोटे-बड़ों सभी को खूब आनंद प्रदान किया।

यह आयोजन मात्र मनोरंजन का साधन नहीं रहा, बल्कि समाजिक एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने का सशक्त माध्यम भी बना। समाज के प्रत्येक वर्ग – महिलाएँ, पुरुष और युवा – सभी ने खेल की भावना से प्रतियोगिताओं में भाग लिया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।

विशेष उल्लेखनीय है कि खेल-खिलवाने की जिम्मेदारी मारवाड़ी युवा मंच दर्री-जमनीपाली-जैलगाँव ने पूरी निष्ठा और ऊर्जा से निभाई, जिसके कारण कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित और सफल रहा।

सभा के अध्यक्ष  प्रेम अग्रवाल ने कहा कि “अग्रवाल सभा का उद्देश्य केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व मनाना ही नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करना और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना भी है।”
वहीं मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष श्री प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि “खेल और सांस्कृतिक गतिविधियाँ समाज को नई दिशा और ऊर्जा देती हैं। ऐसे आयोजनों से युवा वर्ग में उत्साह और सकारात्मक सोच का संचार होता है।

कार्यक्रम की शानदार सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि अग्रवाल सभा दर्री-जमनीपाली-जैलगाँव समाजहित और संस्कृति-संवर्धन के लिए निरंतर अग्रसर है।