जगदलपुर में शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, ज्वेलरी दुकान से चुराए 765.7 ग्राम सोने के गहने बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार

A gang of thieves busted in Jagdalpur; 765.7 grams of gold jewellery stolen from a jewellery shop recovered; 5 accused arrested.

  • महिलाओं और बच्चों की मदद से भीड़भाड़ वाली दुकानों में करते थे चोरी, पुरुषों की थी माल छिपाने और खपाने की जिम्मेदारी

जगदलपुर, 11 नवंबर । छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में ज्वेलरी दुकान में चोरी करने वाले एक शातिर संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य महिलाओं और बच्चों की मदद से भीड़भाड़ वाली दुकानों में ग्राहकों का ध्यान भटकाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालिका के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 765.7 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना 7 नवंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई थी।

त्योहार के कारण दुकान में काफी भीड़ थी। इसी दौरान 5 से 7 महिलाओं और बच्चों का समूह दुकान में पहुंचा। गिरोह की महिलाओं ने दुकानदार का ध्यान भटकाया और मौका पाकर दराज में रखे सोने के आभूषणों से भरे प्लास्टिक बॉक्स को चोरी कर लिया। बाद में दुकानदार को बॉक्स गायब होने का पता चला। सीसीटीवी फुटेज की जांच में चोरी की पूरी घटना सामने आई, जिसके बाद कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SP शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त SP सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर SP अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की मदद और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 17 C 3511 का सुराग मिला। वाहन की जानकारी जुटाने पर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

इसके बाद पुलिस की चार विशेष टीमें कोड़ेनार थाना क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव पहुंचीं। पुलिस को देखकर आरोपी चोरी के सामान के साथ जंगल की ओर छिपने चले गए थे। पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर थर्मल कैमरा ड्रोन और ड्रोन कैमरे की मदद से उनकी तलाश की। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की गई।

पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार की और चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद कराए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण, घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार पांच आरोपियों को 11 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालिका को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में पुरुष सदस्य दुकानों की रेकी करते थे, जबकि महिलाएं और बच्चे भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों में पहुंचकर दुकानदारों का ध्यान भटकाते हुए चोरी करते थे। चोरी के बाद पुरुष सदस्य सामान छिपाने और उसे खपाने का काम करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस ने फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी पथरीली उड़वा, थाना कोड़ेनार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

बस्तर SP शलभ कुमार सिन्हा ने कहा कि जिले में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कोतवाली TI निरीक्षक लीलाधर राठौर, निरीक्षक प्रमोद ठाकुर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, अमित सिदार सहित पुलिस की विशेष टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।