बिलासपुर में फल व्यवसायी पर जानलेवा हमला, रायपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी; अवैध संबंधों के विवाद में वारदात

A fruit vendor was attacked in Bilaspur, and the accused was arrested in Raipur; the incident stemmed from a dispute over an illicit relationship.

बिलासपुर, 08 जून  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक फल व्यवसायी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे अवैध संबंधों को लेकर पुराना विवाद था। आरोपी ने गुस्से में आकर फल दुकान संचालक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, 7 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे सिरगिट्टी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई कि मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर हत्या की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से हमला कर फरार हो गया। हमले में मनीष गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 103 और 115(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध था। बताया गया कि उक्त महिला को मनीष गोस्वामी ने ग्राम सैदा में रखा हुआ था। इसी बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू लंबे समय से नाराज था और उसके मन में मनीष गोस्वामी के प्रति गहरा आक्रोश था।

पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते आरोपी ने सुनियोजित तरीके से फल व्यवसायी पर चाकू से हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया था। पतासाजी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रायपुर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना की टीम तत्काल रायपुर रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।