दुकान पर पैसे मांगने पर किया था प्राणघातक हमला; साल भर से फरार आरोपी चढ़ा मस्तूरी पुलिस के हत्थे

A fatal attack was carried out at a shop after being asked for money; the accused, who had been absconding for a year, was arrested by Masturi police.

किराना दुकान संचालक के बेटे पर लोहे की रॉड से किया था हमला, सह-आरोपी भाई पहले ही जा चुका है जेल

🔸 ग्राम गतौरा का मामला, मस्तूरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर

बिलासपुर (मस्तूरी)। मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गतौरा में करीब एक वर्ष पूर्व किराना दुकान के पैसे मांगने के विवाद पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे आरोपी सुमेन्द्र कुमार खाण्डे को उसके ठिकाने पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल उसके छोटे भाई को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।

उधारी के पैसे मांगने पर हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गतौरा निवासी संतोष कांत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 मई 2025 को वह अपने 20 वर्षीय बेटे शशीकांत के साथ दुकान पर था। तभी अंबेडकर चौक गतौरा निवासी समुद्र कुमार खाण्डे नशे की हालत में आया और दुकान से पानी पाउच व राजश्री लेकर बिना पैसे दिए जाने लगा। संतोष द्वारा पैसे मांगने पर वह गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया।

भाई के साथ आकर सिर पर किया था लोहे की रॉड से वार
कुछ ही देर बाद आरोपी सुमेन्द्र कुमार खाण्डे अपने छोटे भाई शिव खाण्डे (28 वर्ष) को साथ लेकर वापस दुकान पर पहुंचा। दोनों भाइयों ने प्रार्थी के बेटे शशीकांत को जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच शिव खाण्डे ने अपने हाथ में रखी लोहे की पट्टीनुमा रॉड से शशीकांत के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। बीच-बचाव करने आए शशीकांत के माता-पिता और चाचा के साथ भी सुमेन्द्र व उसके परिवार वालों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट की थी।

पुलिस ने दर्ज किया था आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 318/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 109, 3(5) एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद सह-आरोपी शिव खाण्डे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और हमले में प्रयुक्त रॉड जब्त कर ली थी।

घेराबंदी कर दबोचा गया मुख्य आरोपी
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी सुमेन्द्र कुमार खाण्डे (43 वर्ष) पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। मस्तूरी पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर अचानक दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।