विद्युत कंपनियों में ओपीएस की मांग को लेकर साझा मंच को अंतिम रूप देने कल रायपुर में निर्णायक बैठक

A decisive meeting will be held in Raipur tomorrow to finalise a common platform for the demand of OPS in power companies.

होटल सिमरन (रेलवे स्टेशन), रायपुर में जुटेंगे लगभग 10 अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि

कोरबा, 26 जून। छत्तीसगढ़ की विद्युत कंपनियों में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली सहित कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर गठित किए जा रहे लगभग 10 अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों के साझा मंच को अंतिम रूप देने के लिए 27 जून को रायपुर स्थित होटल सिमरन (रेलवे स्टेशन के पास) में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में साझा मंच की संरचना, संयोजन, कार्ययोजना तथा आगामी संयुक्त आंदोलन की रणनीति पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन ने इस साझा मंच को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना केवल कर्मचारियों का अधिकार नहीं, बल्कि उनके भविष्य की सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार है। कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए अब सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों को एकजुट होकर साझा मंच के माध्यम से निर्णायक संघर्ष करना होगा।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी जनता यूनियन प्रारंभ से ही पुरानी पेंशन योजना की बहाली, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, वेतन विसंगतियों के निराकरण तथा कर्मचारियों के अन्य लंबित मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है। साझा मंच का गठन विद्युत कर्मचारियों की एकता को नई दिशा देगा और प्रदेशभर के कर्मचारियों की आवाज को और अधिक प्रभावी बनाएगा।

श्री द्विवेदी ने प्रदेश के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी साथियों से अपील की कि वे संगठनात्मक मतभेदों से ऊपर उठकर कर्मचारियों के व्यापक हित में साझा मंच को सफल बनाने हेतु अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई को और अधिक मजबूती मिल सके।