बिलासपुर। सरकण्डा पुलिस ने रात्रि में घर में घुसकर सोने की माला चोरी करने वाले एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शत-प्रतिशत चोरी गया माल बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी 09 अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बंधवापारा निवासी प्रार्थिया सोनम श्रीवास्तव (32) ने थाना सरकण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर की रात उन्होंने अपनी सोने की मनचली (माला), जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, घर की अलमारी में रखी थी। 12 नवंबर को अलमारी देखने पर माला गायब मिली। शिकायत पर पुलिस ने धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा एएसपी पंकज पटेल और सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर बंधवापारा निवासी अमन श्रीवास्तव उर्फ बिल्लू (27) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि उसने माला को अपने घर के तकिए के अंदर छिपा रखा है। पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपी के घर से सोने की माला बरामद कर जप्त कर ली है।











