कवर्धा: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले कवर्धा में एक व्यापारी ने परिवार के साथ जानलेवा कदम उठा लिया. आर्थिक तंगी और लेन देन के दबाव मे व्यापारी ने अपने परिवार के साथ जान देने की कोशिश की. पूरी घटना कवर्धा थआना क्षेत्र की है. युवा व्यापारी और उसके परिवार को आनन फानन में कवर्धा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहां व्यापारी और उसके परिवार का इलाज चल रहा है.
4 करोड़ का लेन देन
यह मामला करीब 4 करोड़ रुपये के लेन-देन से जुड़ा हुआ है. बताया जा रहा है कि व्यापारी को किसी व्यक्ति से 4 करोड़ रुपए लेने थे लेकिन व्यक्ति व्यापारी को घुमा रहा था. इसी के चलते मानसिक दबाव में उसने यह कदम उठाया.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मौके से एक तीन पन्नों का नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें व्यापारी ने अपनी आर्थिक परेशानियों और लेन-देन से जुड़ी स्थिति का विस्तार से उल्लेख किया है. पुलिस नोट के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
स्थानीय निवासी योगेश जैन ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जान देने की कोशिश की है. घटना के बाद परिजनों, विशेषकर उनके भाई, ने तत्परता दिखाते हुए सभी को अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल सभी की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है-
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आगे की जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि व्यापारी की स्थिति में सुधार होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जा सकेंगे. इस तरह जांच के बाद अहम खुलासा हो सकेगा.







